नीति चिंतन शिविर 2 दिसम्बर को होगा : मुख्यमंत्री डॉ. यादव

मुख्यमंत्री ने मंत्रि-परिषद् की बैठक से मंत्रि-गण को दी राज्य सरकार की उपलब्धियों की जानकारी

भोपाल
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश में 2 दिसंबर को नीति चिंतन शिविर होगा। इसमें सभी अपर मुख्य सचिव, प्रमुख सचिव, सचिव तथा सभी कलेक्टर्स भी हिस्सा लेंगे। इसमें 2 सत्र होंगे। पहला सत्र समृद्ध मध्यप्रदेश-2047 दस्तावेज पर केन्द्रित होगा। दूसरा सत्र सतत् विकास लक्ष्यों और अन्य विकास संकेतकों पर केन्द्रित होगा। इन सत्रों में नीतिगत एवं क्रियान्वयन चुनौतियों के समाधान, भविष्य के रोडमैप और बीते 3 सालों की उपलब्धियों तथा आगामी रणनीति पर चर्चा होगी। पहले सत्र में 8 विषयों पर नोडल विभाग द्वारा प्रस्तुतिकरण होंगे। दूसरे सत्र में 8 माड्यूल्स पर नोडल विभाग प्रस्तुतिकरण करेंगे। इस प्रकार एक दिन में कुल 16 स्तंभों और माड्यूल्स पर मंथन किया जाएगा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव सोमवार को मंत्रालय में हुई मंत्रि-परिषद् की बैठक से पहले मंत्रि-गण को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री ने मंत्रि-गण से राज्य सरकार द्वारा बीते सप्ताह हासिल की गई विशेष उपलब्धियों की जानकारी साझा की।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रदेशवासियों को भोपाल के नाथू बरखेड़ा में नवनिर्मित अंतर्राष्ट्रीय स्पोर्ट्स काम्प्लेक्स के पहले चरण के कामों के लोकार्पण सहित प्रदेश को मिली इस बड़ी उपलब्धि के लिए बधाई दी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह एक अद्भुत परिसर है जहां लगभग सभी प्रकार के खेलों के लिए जरूरी सुविधाएं उपलब्ध हैं। इस इंटरनेशनल स्पोर्ट्स काम्प्लेक्स से अब अपना भोपाल पूरी मजबूती से अंतर्राष्ट्रीय खेल मानचित्र में स्थापित हो गया है। उन्होंने कहा कि वर्तमान में इस स्पोर्ट्स काम्प्लेक्स में नवनिर्मित सिंथेटिक टर्फ में महिला एशियन हाकी चैम्पियनशिप-2026 के मैचेस खेले जा रहे हैं। इस चैंपियनशिप में 6 एशियाई देशों- भारत, चीन, जापान, मलेशिया, थाईलैंड और दक्षिण कोरिया की महिला हाकी टीमें अपना प्रदर्शन कर रही हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने स्वयं 22 नवम्बर को मैदान में मैच देखा और खेल का आह्लाद महसूस किया। उन्होंने बताया कि भारतीय टीम ने अपने शुरुआती दोनों मैच जीत कर शानदार बढ़त बना ली है। खचाखच भरे स्टेडियम में दर्शकों का उत्साह भी हर रोज चरम पर दिखाई दे रहा है। मध्यप्रदेश में खेलों की दृष्टि से ये स्वर्णयुग का आगमन है। मुख्यमंत्री ने मंत्रि-गण एवं प्रदेश के सभी नागरिकों से अपील की कि भोपाल में पहली बार हो रही इस एशियन चैंपियनशिप के मैचों का भरपूर आनंद लें। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि नाथू बरखेड़ा में लगभग 1 हजार करोड़ रुपए की लागत से 140 एकड़ भूमि पर निर्मित हो रहे इंटरनेशनल स्पोर्ट्स काम्प्लेक्स परिसर में सिंथेटिक हॉकी टर्फ, सिंथेटिक एथलेटिक्स ट्रेक, प्रेक्टिस फील्ड और दर्शक दीर्घा का निर्माण पहले चरण में किया गया है। दूसरे चरण में इण्डोर स्पोर्टस काम्पलेक्स, स्विमिंग काम्पलेक्स और छात्रावासों का निर्माण जारी है। तीसरे चरण में अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेटू स्टेडियम और जिमनास्टिक हॉल बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि यहां के हॉकी स्टेडियम को कैटेगरी 01 प्रमाण-पत्र दिया गया है। ऐसा प्रमाण-पत्र पाने वाला भोपाल देश का दूसरा शहर है। इस परिसर में न केवल अंतर्राष्ट्रीय आयोजन होंगे, बल्कि खिलाडियों को विश्वस्तरीय प्रशिक्षण भी मिलेगा।

वर्ष 2027 में मप्र लोक सेवा आयोग की परीक्षा दो बार होगी, कैलेंडर जारी
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि हमने अगले वर्ष (2027) को युवा वर्ष घोषित करने के साथ ही युवाओं से वादा किया है कि प्रदेश में अगले साल मप्र लोक सेवा आयोग की परीक्षा दो बार आयोजित की जाएगी। हमने अपना वादा पूरा किया है। मप्र लोक सेवा आयोग द्वारा अगले साल ली जाने वाली परीक्षाओं का समवेत कैलेंडर जारी कर दिया गया है।‌यह हम सबके लिए प्रसन्नता का अवसर है कि प्रदेश के युवाओं को उनकी प्रतिभा और योग्यता प्रदर्शन के लिए दो बार अवसर उपलब्ध होंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी मंत्रि-गण यह सुनिश्चित करा लें कि रिक्त पदों का मांग-पत्र निर्धारित प्रारूप में आयोग तक समय पर पहुंच जाए, ताकि आयोग परीक्षाओं का विस्तृत विज्ञापन जारी कर सके।

टेलिकाम मैन्यूफैक्चरिंग ज़ोन
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मंत्रि-गण से कहा कि मध्यप्रदेश की भूमि में देश का पहला टेलिकाम मैन्यूफैक्चरिंग ज़ोन के पहले चरण के तहत पात्र 25 कंपनियों को भूखंड आवंटित कर दिए गए हैं। इस परियोजना के दूसरे चरण के लिए 450 हेक्टेयर भूमि चिन्हित कर विकसित की जा रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस टेलिकॉम मैन्यूफैक्चरिंग ज़ोन से करीब 28000 लोगों को रोज़गार मिलेगा।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि ग्वालियर में 170 एकड़ में देश का पहला इंटीग्रेटेड टेलीकॉम मैन्युफैक्चरिंग ज़ोन विकसित किया जा रहा है। पहले चरण के लिए ग्वालियर टीएमजेड के लिए 25 निवेशकों ने 3,600 करोड़ रूपए से अधिक के निवेश प्रस्ताव दिए। टीएमजेड की स्थापना के लिए जुलाई 2026 में भारत सरकार के दूरसंचार मंत्रालय के साथ एमओयू हुआ था। मात्र 4 से 5 महीने में पहले फेज के लिए आवंटन जारी कर दिया गया। पच्चीस कंपनियों को आशय पत्र वितरित किए गए है। इन निवेशों से 15 हजार से अधिक रोजगार सृजित होंगे। अब दूसरे फेज के लिए 450.45 एकड़ जमीन देने का निर्णय हमने गांधीसागर में हुई कैबिनेट में कर लिया था। टीएमजेड निवेशक सम्मेलन में दूसरे चरण का भी शुभारंभ किया गया है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button